Advertisement Carousel

फैशन डिजाइनिंग की छात्रा ने दी जान: घर में फांसी से लटका मिला शव

0
267

छत्तीसगढ़ के भिलाई में फैशन डिजाइनिंग की एक छात्रा ने फांसी लगाकर खुदकुशी कर ली। उसका शव सोमवार को घर में ही फंदे से लटका हुआ मिला है। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने शव को नीचे उतरवाकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया है। छात्रा के खुदकुशी करने का कारण स्पष्ट नहीं है। हालांकि परिजनों का कहना है कि एक लड़का काफी दिनों से परेशान कर रहा था। इसी से तंग आकर छात्रा ने जान दी है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है। मामला भट्ठी थाना क्षेत्र का है।

जानकारी के मुताबिक, सेक्टर-4 निवासी आकांक्षा अहिरवार (23) फैशन डिजाइनिंग करने के साथ ही कल्याण महाविद्यालय में बीकॉम फाइनल ईयर की छात्रा थी। आकांक्षा अपनी दो बहन और एक भाई के साथ रहती थी। उसके पिता रिटायर्ड पुलिसकर्मी हैं और मां मध्य प्रदेश के टीकमगढ़ में रहती हैं। सोमवार को जब भाई-बहन सोकर उठे तो आकांक्षा का शव कमरे में फांसी से लटका हुआ मिला। दोनों ने शोर मचाया तो आसपास के लोग भी आ गए। इसके बाद पुलिस को घटना की जानकारी दी गई।

पुलिस ने मर्ग कायम कर शव मॉर्चरी में रखवा दिया है। आकांक्षा की मां के टीकमगढ़ से आने के बाद शव का पोस्टमार्टम कराया जाएगा। आकांक्षा के पिता हत्या के मामले में 20 साल से फरार हैं और मां मानकुंवर अहिरवार खेती किसानी करती हैं। अब तक की जांच में पता चला है कि आकांक्षा को कोई लड़का कई दिनों से परेशान कर रहा था। इसके कारण वह तनाव में थी। पुलिस लड़के का भी पता लगाने का प्रयास कर रही है। हालांकि अभी तक कोई स्पष्ट कारण सामने नहीं आ सका है।