Advertisement Carousel

राजधानी के गांधी उद्यान में फूलों की प्रदर्शनी आज से, मुख्यमंत्री बघेल करेंगे शुभारंभ

0
387

रायपुर। गांधी उद्यान में शनिवार यानी आज से तीन दिवसीय रंग-बिरंगे फूलों की प्रदर्शनी शुरू होने जा रही है। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल शाम पांच बजे इस प्रदर्शनी का उद्घाटन करेंगे। विशिष्ट अतिथि संस्कृति मंत्री अमरजीत भगत होंगे। बताया जा रहा है कि यहां 10 हजार गमलों में 45 से अधिक फूलों की प्रजातियां सजने वाली हैं। गुलाब, गेंदा, ग्लेडोलाई, सेवंती, डेहलिया के अलावा जरबेरा, फ्लाक्स बर्बीना, कारनेशन, लीली आदि भी प्रदर्शित होंगे। पांच से 50 वर्ष तक के बोनासाई का प्रदर्शन होगा, जो आकर्षण के केन्द्र रहेंगे। यहां आने वाले लोगों को बागवानी के तरीके भी सिखाए जाएंगे। बता दें यहां सेल्फी जोन भी बनाया गया है, जो लोग अपने फोटो क्लिक कर सकते हैं।

Narendra Modi

प्रदर्शनी का आयोजन उद्यानिकी विभाग, कृषि विश्वविद्यालय, निगम और जिंदल स्टील एंड पावर लिमिटेड के सहयोग से किया जा रहा है, जो नौ जनवरी तक चलेगी। यहां एक हजार सेवंती, 1000 पिनसुटिया (लाल रंग) का प्रदर्शन किया जाएगा। प्रकृति की ओर से सोसाइटी के अध्यक्ष दलजीत बग्गा ने बताया कि इस प्रदर्शनी में आने वाले लोगों को गमलों और छतों में सब्जी लगाने की विधि भी बताई जाएगी। इंदिरा गांधी कृषि विवि द्वारा कंद जगदलपुर से लाकर दिखाया और बेचा जाएगा। साथ ही औषधीय पौधे भी रखे होंगे। उन्होंने बताया कि दुर्ग, राजनांदगांव में होने वाली ड्रेगनफ्रूट की खेती की जानकारी मिलेगी। यहां आने वाले लोगों को अलग ही अनुभव होगा।

20 उद्यान होंगे पुरस्कृत

रायपुर शहर के लिए गृह उद्यान स्पर्धा का आयोजन किया जा रहा है। शहर के श्रेष्ठ 70 उद्यानों का निरीक्षण होगा और उसके आधार पर 20 उद्यानों को पुरस्कृत किया जाएगा।

 

बागवानी के सिखाएंगे तरीके

फूल प्रदर्शनी में बागवानी के तरीके भी सिखाए जाएंगे। गृह उद्यानों को अलग-अलग श्रेणियों में बांटा गया है। इसमें सर्वश्रेष्ठ को पुरस्कार दिया जाएगा।

मिलेगी जगदलपुर, जशपुर की चाय-काफी

प्रदर्शनी में फूलों के साथ जगदलपुर, जशपुर की चाय-काफी भी मिलेगी।

कृषि उत्पाद, गृह वाटिका के लिए उपकरण मिलेंगे

यहां लोगों को कृषि उत्पाद के साथ ही गृह वाटिका के लिए आवश्यक उपकरण भी मिलेंगे।