हस्ताक्षर न्यूज.
छत्तीसगढ़ के चर्चित शराब घोटाले में तीन साल से फरार चल रहे आरोपी विकास अग्रवाल उर्फ सुब्बू को दुबई (Dubai) में गिरफ्तार कर लिया गया है।
संयुक्त अरब अमीरात (UAE) के अधिकारियों ने अक्टूबर के तीसरे सप्ताह में उसे हिरासत में लिया था। विकास की तलाश प्रवर्तन निदेशालय (ED) और छत्तीसगढ़ की आर्थिक अपराध शाखा (EOW) को लंबे समय से थी। अब उसे भारत लाने के लिए प्रत्यर्पण की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। हालांकि, उसकी वापसी की तारीख अभी तय नहीं हुई है। महादेव बेटिंग ऐप मामले में सौरभ चंद्राकर और रवि उप्पल के पकड़े जाने के बाद अब शराब घोटाले के आरोपी की गिरफ्तारी से एक बार फिर विदेश में छिपे छत्तीसगढ़ के वांछित आरोपियों का मामला चर्चा में है।
ED के मुताबिक विकास अग्रवाल 2019 से 2023 के बीच छत्तीसगढ़ में सक्रिय कथित शराब सिंडिकेट के लिए पैसों का हिसाब-किताब संभालता था। उस पर डिस्टिलरी संचालकों और FL-10A लाइसेंस धारकों से अवैध कमीशन वसूलकर रकम मुख्य आरोपी अनवर ढेबर तक पहुंचाने का आरोप है। साल 2023 में घोटाले की जांच शुरू होते ही वह फरार हो गया था। इस मामले में ED ने उसके भाई विवेक अग्रवाल से जुड़े ठिकानों पर भी छापेमारी की थी। जांच एजेंसी ने वहां से कथित तौर पर 17 किलोग्राम सोना, हीरे के आभूषण और नकदी जब्त की थी। इतनी बड़ी मात्रा में कीमती सामान मिलने के बाद उससे जुड़े आर्थिक लेनदेन की भी जांच की जा रही है।
विकास की गिरफ्तारी के बाद अब जांच एजेंसियों की नजर उसके प्रत्यर्पण पर टिकी है। कानूनी प्रक्रिया पूरी होने और UAE से मंजूरी मिलने पर उसे भारत लाया जाएगा। इसके बाद ED और EOW अदालत की अनुमति से उससे पूछताछ कर सकेंगी। जांच में यह पता लगाने की कोशिश होगी कि शराब कारोबारियों से कथित तौर पर कितनी रकम वसूली गई, पैसा किन-किन लोगों तक पहुंचा और पूरे सिंडिकेट में किसकी क्या भूमिका थी। विकास से पूछताछ में घोटाले से जुड़े कुछ नए नाम और लेनदेन सामने आने की संभावना है। हालांकि, उस पर लगे आरोपों का अंतिम फैसला अदालत में ही होगा।


























