Advertisement Carousel

महादेव सट्टा ऐप मामले में दिल्ली का वकील गिरफ्तार……ED के मुताबिक वकील ने सौरभ चंद्राकर से 15 करोड़ रुपए जज और अफसरों को सेट करने के एवज में लिए…… वकील ED की रिमांड पर……

0
2

हस्ताक्षर न्यूज.

छत्तीसगढ़ के बहुचर्चित महादेव (Mahadev) ऑनलाइन सट्टा ऐप मामले में प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने दिल्ली के वकील हिमांशु शेखर उर्फ मोहित को गिरफ्तार किया है।

गिरफ्तारी के बाद उसे रायपुर की विशेष अदालत में पेश किया गया, जहां देर रात तक दोनों पक्षों के बीच बहस चली। अदालत ने दोनों पक्षों की दलीलें सुनने के बाद हिमांशु को 28 नवंबर तक ED की रिमांड पर भेज दिया है।

ED के मुताबिक, हिमांशु शेखर पर महादेव सट्टा ऐप के प्रमोटर सौरभ चंद्राकर से कथित तौर पर 15 करोड़ रुपये लेने का आरोप है। जांच एजेंसी का दावा है कि यह रकम जजों और सरकारी अफसरों को मैनेज करने तथा कानूनी मामलों में राहत दिलाने के नाम पर ली गई थी। एजेंसी के अनुसार, हिमांशु ने सौरभ चंद्राकर से मुलाकात कर उसे कानूनी मामलों में मदद पहुंचाने और प्रभावशाली अफसरों से सेटिंग कराने का भरोसा दिलाया था। इसी के एवज में करोड़ों रुपये लिए जाने का आरोप है।

रिमांड के दौरान ED कथित लेन-देन, रकम के इस्तेमाल और सौरभ चंद्राकर के साथ हिमांशु की मुलाकातों की पड़ताल करेगी। जांच एजेंसी यह भी पता लगाने की कोशिश करेगी कि इस रकम का कोई हिस्सा जजों या सरकारी अफसरों तक पहुंचा था या उनके नाम का इस्तेमाल सिर्फ पैसे लेने के लिए किया गया था। इस गिरफ्तारी के बाद जांच का दायरा और बढ़ने की संभावना है। हालांकि, हिमांशु पर लगे आरोपों का अदालत में साबित होना अभी बाकी है।