Advertisement Carousel

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देश वासियों से अपील की कि पेट्रोल, डीजल और गैस का उपयोग कम से कम करें….. सोना आयात करना पड़ता है, विदेशी मुद्रा में खरीदना पड़ता है इसलिए गोल्ड कम से कम खरीदे….. बहुत जल्द फिर से वर्क फ्रॉम होम….. सिस्टम हो सकता है लागू……

0
2

हस्ताक्षर न्यूज. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (PM Modi) ने रविवार को देशवासियों से पेट्रोल, डीजल और गैस का सीमित उपयोग करने की अपील की। उन्होंने कहा कि वैश्विक संकट और पड़ोसी देशों में चल रहे युद्ध का असर पूरी दुनिया पर पड़ा है, जिससे ईंधन की कीमतें लगातार बढ़ रही हैं। ऐसे समय में भारत को ऊर्जा बचत की दिशा में गंभीर कदम उठाने होंगे।

Narendra Modi

हैदराबाद में भाजपा की एक रैली को संबोधित करते हुए नरेंद्र मोदी ने कहा कि मौजूदा वैश्विक संकट और अंतरराष्ट्रीय बाजार में बढ़ती कीमतों को देखते हुए लोगों को पेट्रोल-डीजल का संयम से इस्तेमाल करना चाहिए, विदेशी उत्पादों की खरीद कम करनी चाहिए और जरूरत न हो तो विदेश यात्रा टालनी चाहिए। पीएम मोदी ने लोगों से सोने की खरीदारी कम करने की भी अपील की।

प्रधानमंत्री ने कहा कि भारत के पास तेल के बड़े भंडार नहीं हैं, इसलिए ईंधन का इस्तेमाल बेहद संयम के साथ करना समय की जरूरत है।

भाजपा की रैली को संबोधित करते हुए पीएम मोदी ने कहा कि दुनिया भर में पेट्रोल-डीजल और फर्टिलाइजर की कीमतें तेजी से बढ़ी हैं। इसका असर भारत पर भी पड़ रहा है, क्योंकि देश के पास तेल के बड़े भंडार नहीं हैं। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार पिछले दो महीनों से बढ़ी कीमतों का बोझ खुद उठा रही है ताकि आम जनता पर अतिरिक्त दबाव न पड़े।

प्रधानमंत्री ने कहा कि मौजूदा हालात में देशहित सर्वोपरि है और हर नागरिक का छोटा योगदान भी भारत की अर्थव्यवस्था को मजबूत करने में बड़ी भूमिका निभा सकता है।

पीएम मोदी ने लोगों से सोने की खरीदारी कम करने की भी अपील की। उन्होंने कहा कि ज्यादा सोना आयात करने से देश की विदेशी मुद्रा पर दबाव बढ़ता है। ऐसे समय में हर नागरिक को जिम्मेदारी समझते हुए अनावश्यक खर्च और आयातित वस्तुओं की खरीद से बचना चाहिए।

उन्होंने कहा कि लोग कम से कम एक साल तक विदेश यात्रा का विचार छोड़ दें और विदेशी उत्पादों के बजाय स्वदेशी वस्तुओं को प्राथमिकता दें।

वर्क फ्रॉम होम की जरूरत

प्रधानमंत्री ने कहा कि कोरोना काल में देश ने वर्क फ्रॉम होम और वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग जैसी व्यवस्थाओं को अपनाया था। आज फिर समय की मांग है कि जहां संभव हो, इन व्यवस्थाओं को बढ़ावा दिया जाए ताकि ईंधन की खपत कम हो सके।

प्रधानमंत्री ने कहा कि देशहित में जरूरत पड़ने पर फिर से वर्क फ्रॉम होम, ऑनलाइन मीटिंग और वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग जैसी व्यवस्थाओं को प्राथमिकता देनी चाहिए। इससे ईंधन की खपत कम होगी और विदेशी मुद्रा की बचत होगी।

पीएम मोदी ने लोगों से अपील की कि जिन शहरों में मेट्रो सुविधा उपलब्ध है, वहां निजी वाहनों की बजाय मेट्रो का अधिक उपयोग करें। इसके साथ ही कार पूलिंग को अपनाने की सलाह देते हुए उन्होंने कहा कि ज्यादा लोगों के साथ एक ही वाहन में यात्रा करने से ईंधन की बचत होगी और विदेशी मुद्रा पर होने वाला खर्च भी कम होगा।

हैदराबाद में 9,400 करोड़ के प्रोजेक्ट्स की सौगात

पीएम मोदी ने हैदराबाद में करीब 9,400 करोड़ रुपए की विभिन्न परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास भी किया। इस दौरान उन्होंने भाजपा की चुनावी सफलताओं का जिक्र करते हुए कहा कि असम में भाजपा सरकार ने लगातार तीसरी बार जीत दर्ज की है, जबकि पुडुचेरी में भी भाजपा-एनडीए सरकार सत्ता में लौट आई है।

उन्होंने कहा कि तेलंगाना में भी जनता का रुझान भाजपा की ओर दिखाई दे रहा है।

कांग्रेस पर तीखा हमला

प्रधानमंत्री मोदी ने कांग्रेस पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस सिर्फ झूठ और धोखे की राजनीति करती है और उसकी गारंटियां भी झूठी साबित होती हैं।

पीएम मोदी ने कहा कि कांग्रेस और DMK के बीच दशकों पुराना गठबंधन रहा, लेकिन सत्ता समीकरण बदलते ही कांग्रेस ने DMK की ‘पीठ में छुरा घोंप दिया।’

उन्होंने यह भी कहा कि कभी 400 से ज्यादा सीटें जीतने वाली कांग्रेस अब पिछले तीन चुनावों को मिलाकर भी 100 सीटों का आंकड़ा पार नहीं कर पाई है, लेकिन हार की जिम्मेदारी लेने के बजाय दूसरों को दोष देती है।