Advertisement Carousel

सेंटपॉल स्कूल के 1984 बैच के दीपक महस्के को बीजेपी ने केंद्रीय कोर टीम में किया शामिल….. अमित मालवीय की जगह सोशल मीडिया हेड बनाया….. रूप कुमारी चौधरी को महिला मोर्चा की राष्ट्रीय अध्यक्ष की जिम्मेदारी……

0
2

हस्ताक्षर न्यूज.

भारतीय जनता पार्टी (BJP) के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन की नई टीम में छत्तीसगढ़ के दो प्रमुख नेताओं, रूपकुमारी चौधरी और दीपक म्हस्के को राष्ट्रीय स्तर पर बड़ी और अहम जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं। दीपक म्हस्के को अमित मालवीय की जगह भाजपा में नया सोशल मीडिया हेड नियुक्त करना एक बड़ा घटनाक्रम है। इसी तरह, सांसद रूपकुमारी चौधरी को ‘महिला मोर्चा राष्ट्रीय अध्यक्ष’ बनाने के पीछे भाजपा में राष्ट्रीय स्तर पर महिला ओबीसी चेहरे को आगे बढ़ाने का बड़ा रणनीतिक दांव माना जा रहा है।

रायपुर के सीनियर भाजपा नेता दीपक म्हस्के को ‘राष्ट्रीय सोशल मीडिया संयोजक’ बनाने की बड़ी वजह उनका 15 वर्षों का डिजिटल अनुभव है, क्योंकि वे पिछले 15 वर्षों से भाजपा के आईटी और सोशल मीडिया सेल में लगातार काम कर रहे हैं। विश्लेषकों के मुताबिक उन्होंने बिहार, छत्तीसगढ़ और पश्चिम बंगाल जैसे राज्यों के विधानसभा चुनावों में बीजेपी के सोशल मीडिया कैंपेन को सफलतापूर्वक संभाला है, जहां पार्टी ने बड़ी जीत दर्ज की थी।l  वे पूर्व प्रोफेसर रहे हैं और डेटा एनालिसिस, डिजिटल रीच और गवर्नेंस से जुड़े कार्यों के गहरे जानकार हैं। लिहाजा, म्हसके को अमित मालवीय की जगह बिठाकर पार्टी ने संदेश दिया है कि वह अपनी डिजिटल रणनीति को एक नया और पेशेवर रुख देना चाहती है।

इसी तरह, महासमुंद की भाजपा सांसद रूपकुमारी चौधरी को भाजपा महिला मोर्चा की कमान देने के पीछे भी पार्टी की बड़ी रणनीति नज़र आती है। विश्लेषकों के अनुसार उन्हें यह जिम्मेदारी मिलने की प्रमुख वजहे यह हो सकती है कि राष्ट्रीय स्तर पर और छत्तीसगढ़ में पार्टी को नया और मजबूत ओबीसी महिला चेहरा देने के लिए केंद्रीय नेतृत्व ने उन पर भरोसा जताया हो। वैसे पार्टी सूत्रों का यह भी कहना है कि सांसद रूपकुमारी चौधरी को जमीनी स्तर से लेकर जिला स्तर तक संगठन में काम करने का व्यापक अनुभव है। वे पूर्व में जिला अध्यक्ष जैसे महत्वपूर्ण पदों पर रह चुकी हैं। इसके अलावा, भाजपा इस नियुक्ति के जरिए राष्ट्रीय स्तर पर महिला सशक्तीकरण और महिलाओं के बीच पार्टी की पैठ को और मजबूत करना चाहती है।