हस्ताक्षर न्यूज.
छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय (CM Vishnu Deo Sai) ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की पेट्रोल कम इस्तेमाल करने की अपील पर अपने काफिले से वाहन घटाने के निर्देश दिए हैं। इसके साथ ही सरकारी वाहनों को धीरे-धीरे इलेक्ट्रिक व्हीकल (EV) में बदलने का आदेश दिया है।
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि ऊर्जा संरक्षण केवल आर्थिक आवश्यकता नहीं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के सुरक्षित भविष्य और पर्यावरण संरक्षण से जुड़ा महत्वपूर्ण विषय है। इसी सोच के साथ राज्य सरकार शासकीय स्तर पर ईंधन की खपत कम करने और संसाधनों के विवेकपूर्ण उपयोग की दिशा में ठोस कदम उठा रही है।
मुख्यमंत्री ने बताया कि अब उनके आधिकारिक दौरों के दौरान केवल अत्यावश्यक वाहनों को ही कारकेड में शामिल किया जाएगा। साथ ही मंत्रियों, निगम-मंडलों के पदाधिकारियों और अन्य अधिकारियों से भी सरकारी वाहनों एवं संसाधनों का सीमित और जिम्मेदारीपूर्ण उपयोग करने का आग्रह किया गया है।
उन्होंने कहा कि राज्य सरकार शासकीय परिवहन व्यवस्था को अधिक पर्यावरण अनुकूल बनाने की दिशा में काम करेगी। इसके तहत सभी सरकारी वाहनों को चरणबद्ध तरीके से इलेक्ट्रिक वाहनों (EV) में परिवर्तित करने की दिशा में कार्रवाई शुरू की जाएगी। मुख्यमंत्री के अनुसार यह कदम ईंधन की बचत के साथ-साथ प्रदूषण नियंत्रण और हरित ऊर्जा को बढ़ावा देने में भी अहम भूमिका निभाएगा।
मुख्यमंत्री साय ने प्रदेशवासियों से सार्वजनिक परिवहन का अधिक उपयोग करने, कारपूलिंग अपनाने और अनावश्यक निजी वाहनों के उपयोग से बचने की अपील की। उन्होंने कहा कि छोटी-छोटी आदतों में बदलाव लाकर बड़े सकारात्मक परिवर्तन संभव हैं। यदि हर नागरिक ईंधन बचत को अपनी जिम्मेदारी माने, तो यह अभियान जन-आंदोलन का रूप ले सकता है।































