छत्तीसगढ़ में बड़ा हादसा, तालाब में डूबने से 3 बच्चों की मौत

0
324

जगदलपुर: छत्तीसगढ़ के बस्तर जिले में एक तालाब में डूबने से तीन बच्चों की मौत हो गयी। पुलिस अधिकारियों ने गुरुवार को यह जानकारी दी। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि जिले के नगरनार कस्बे में दोपहर तालाब में डूबने से प्रियांशु कश्यप, प्रमोद गोयल और विक्की बेसरा की मौत हो गई। बताया जा रहा है कि तीनों बच्चों की उम्र 8 साल थी। उन्होंने बताया कि सभी बच्चे नगरनार कस्बे के दुर्गा चौक इलाके में रहते थे। क्षेत्र के निवासियों के मुताबिक बच्चे दोपहर को अक्सर गोंडीमुड़ा तालाब के करीब खेलते नजर आते थे। आशंका है कि तीनों गर्मी से राहत पाने के लिए तालाब में गए और डूब गए।

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि जब स्थानीय लोगों ने तालाब में बच्चों को डूबते देखा तब उन्हें बाहर निकालने की कोशिश शुरू की गयी। उन्होंने बताया कि बाद में बच्चों को तालाब से बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

उन्होंने बताया कि घटना की जानकारी मिलने के बाद बच्चों के माता-पिता भी वहां पहुंच गए। बाद में वह बच्चों को लगभग 20 किलोमीटर दूर जगदलपुर शहर के महारानी अस्पताल ले गए।

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि घटना की जानकारी मिलने के बाद बस्तर जिले के कलेक्टर चंदन कुमार और जगदलपुर क्षेत्र से कांग्रेस विधायक रेखचंद जैन महारानी अस्पताल पहुंच गए। उन्होंने बताया कि पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है तथा मामले की जांच की जा रही है।

परिजनों ने अस्पताल में किया हंगामा
स्वास्थ्य केन्द्र में असुविधा देखकर परिजनों ने जमकर हंगामा किया। परिजनों का कहना है कि यहां पर हमेशा से कमी देखी गई है। डॉक्टर समय पर नहीं रहते हैं और न ही एंबुलेंस की सुविधा सही समय पर मिल पाती है। जिसके कारण यहां काफी परेशानी होती है। बच्चों के डूबने की जानकारी लगते ही बस्तर कलेक्टर अस्पताल पहुंच मामले की जानकारी ली।