Advertisement Carousel

मोटर पंप सुधारने कुएं में उतरे युवक की जहरीली गैस के रिसाव से मौत

0
86

सूरजपुर: मोटर पंप का फुटवॉल्व सुधारने शुक्रवार को कुएं में उतरे युवक की जहरीले गैस के रिसाव से मौत हो गई। सूचना पर जयनगर पुलिस मौके पर पहुंची और गैस डिटेक्टर मशीन से जांच की तो जहरीले गैस रिसाव की पुष्टि हुई। पुलिस ने करीब 4 घंटे की मशक्कत के बाद शव को कुएं से बाहर निकाला।

सूरजपुर जिले के जयनगर थाना अंतर्गत ग्राम पंचायत हर्राटिकरा के चिटकीपारा मोहल्ले में 30 वर्षीय रामलाल उर्फ बाने पिता बसंत राजवाड़े शुक्रवार की दोपहर खेत में रोपा लगाने के लिए पानी पटाने के दौरान मोटर पंप का फुटवॉल्व सुधारने कुएं में उतरा था। वह कुछ समय तक बाहर नहीं निकला तो आसपास के लोग कुएं के पास पहुंचे। उन्होंने कुएं में झांककर देखा तो वह मृत अवस्था में पड़ा था। ग्रामीणों ने मामले की सूचना जयनगर पुलिस को दी। कुएं में जहरीले गैस के रिसाव की आशंका पर पुलिस ने डीडीआरएफ, एसडीआरएफ को सूचना देकर मौके पर बुलाया। देर शाम को टीम ने युवक के शव को बाहर निकाल लिया।

गैस डिटेक्टर मशीन से हुई पुष्टि
पुलिस ने बताया कि जब टीम ने कुएं में गैस डिटेक्टर मशीन द्वारा जांच की गई तब जहरीली गैस रिसाव की पुष्टि हुई। इसके बाद टीम एहतियात बरतते हुए शव को 4 घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद देर शाम बाहर निकाला गया। पुलिस ने शव को मरच्यूरी में रखवा दिया है और आज पीएम कराया जाएगा। फिलहाल मामले में पुलिस ने मर्ग कायम कर लिया है।