हस्ताक्षर न्यूज.
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को प्रसारित अपने मासिक रेडियो कार्यक्रम ‘मन की बात’ (Mann Ki Baat) के 134वें संस्करण में छत्तीसगढ़ का दो बार उल्लेख किया। उन्होंने एक ओर राज्य की प्राचीन सांस्कृतिक विरासत से जुड़ी मल्हार की ऐतिहासिक खोज का जिक्र किया, तो दूसरी ओर अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान बना रहे युवा एथलीट अनिमेष कुजूर की उपलब्धियों की सराहना की।
प्रधानमंत्री ने कहा कि ‘ज्ञान भारतम् अभियान’ के तहत देशभर में प्राचीन पांडुलिपियों और ऐतिहासिक दस्तावेजों को संरक्षित करने का कार्य चल रहा है। इसी क्रम में छत्तीसगढ़ के मल्हार में एक महत्वपूर्ण पुरातात्विक खोज हुई है।
उन्होंने बताया कि यहां तीन दुर्लभ ताम्र पट्टिकाएं मिली हैं, जिन्हें पांडववंशी राजवंश के शासक महर्षि बालार्जुन के शासनकाल से जुड़ा माना जा रहा है। विशेषज्ञों के अनुसार ये अभिलेख छठी-सातवीं शताब्दी के हैं और लगभग 1400 से 1500 वर्ष पुराने हैं। इन पर प्राचीन ब्राह्मी लिपि और पाली भाषा में लेख अंकित हैं, जो उस दौर के इतिहास, प्रशासन और सामाजिक व्यवस्था को समझने में महत्वपूर्ण साबित हो सकते हैं।
मन की बात में प्रधानमंत्री ने भारतीय एथलेटिक्स में बन रहे नए रिकॉर्डों की चर्चा करते हुए 100 मीटर दौड़ में राष्ट्रीय रिकॉर्ड टूटने का जिक्र किया। उन्होंने बताया कि महज दो दिनों के भीतर पुरुषों की 100 मीटर दौड़ का राष्ट्रीय रिकॉर्ड तीन बार टूटा और इसमें गुरविंदरवीर सिंह तथा छत्तीसगढ़ मूल के धावक मन का अहम योगदान रहा।
कार्यक्रम में अनिमेष कुजूर ने भी प्रधानमंत्री से संवाद किया। उन्होंने कहा, ‘नमस्ते सर, मेरा नाम अनिमेष कुजूर है। मैं 200 मीटर और 400 मीटर का नेशनल रिकॉर्ड होल्डर हूं और मैं छत्तीसगढ़ से आता हूं। अभी मैं ओडिशा से खेलता हूं। पिछले साल मैं एशियन मेडल और वर्ल्ड यूनिवर्सिटी गेम्स का मेडल जीतकर आया। मैंने 2021 में स्कूल पास करने के बाद एथलेटिक्स शुरू किया था।’
एक ही कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ की ऐतिहासिक विरासत और खेल प्रतिभा, दोनों का राष्ट्रीय स्तर पर उल्लेख होने को राज्य के लिए गौरवपूर्ण माना जा रहा है। मल्हार की पुरातात्विक खोज जहां प्रदेश की समृद्ध सांस्कृतिक धरोहर को नई पहचान दे रही है, वहीं अनिमेष कुजूर जैसे युवा खिलाड़ी देश के खेल मानचित्र पर छत्तीसगढ़ का नाम रोशन कर रहे हैं।
मन की बात के 134वें संस्करण में छत्तीसगढ़ की इस दोहरी मौजूदगी ने राज्य को राष्ट्रीय चर्चा के केंद्र में ला दिया है।




























