Tax aadha bachat jyada
Advertisement Carousel

केजरीवाल ने जगदलपुर में दी मुफ्त चिकित्सा, शिक्षा,रोजगार की गारंटी, बोले सरकार बनते ही CG में…

0
139

जगदलपुर । आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल और पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान शनिवार को छत्तीसगढ़ दौरे पर बस्तर पहुंचे। जगदलपुर के ऐतिहासिक लालबाग मैदान में आयोजित रैली में अरविंद केजरीवाल और भगवंत मान ने महासभा की। जहां हजारों की संख्या में पहुंचे लोगों को दोनों ने संबोधित किया। अरविंद केजरीवाल की सभा शुरू होने के बाद तेज बारिश होने लगी लेकिन लोग सिर पर कुर्सी रखकर केजरीवाल की सभा में मौजूद रहे।

Narendra Modi Tax aadha bachat jyada

दिल्ली के सीएम अरविंद केजरीवाल ने रैली संबोधन के दौरान कहा कि ‘आप’ सरकार बनने के एक महीने के अंदर पेसा कानून लागू करेगी। 75 साल में सबकी तरक्की हो गई लेकिन आदिवासी समाज पिछड़ा हुआ है। सबकी नजर जल जंगल जमीन पर रहती है। सरकार बनने के एक महीने के अंदर पेसा कानून लागू किया जाएगा और ग्राम सभा को सभी अधिकार दिए जाएंगे।

वहीं, भाजपा को घेरते हुए दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने कहा कि देश की 28 पार्टियों ने मिलकर इंडिया गठबंधन बनाया है। जिससे बीजेपी वाले बौखला गए हैं। 140 करोड़ लोगों का इंडिया है। इंडिया पर आपका पैतृक अधिकार नहीं है। इंडिया हमारे दिल में बसता है। भारत हमारे दिल में बसता है। किस-किस के दिल से इंडिया निकालोगे। साथ ही उन्होंने आई लव इंडिया और भारत माता की जय के नारे भी लगवाए।

पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने कहा कि वन नेशन वन इलेक्शन नहीं होना चाहिए बल्कि वन नेशन वन एजुकेशन होना चाहिए जैसी अमीर के बच्चों को शिक्षा मिलती है। वैसे ही गरीब के बच्चों को शिक्षा मिलनी चाहिए। किसानों, मजदूरों, आदिवासियों, दलितों को वैसी शिक्षा मिलनी चाहिए। वन नेशन वन स्वास्थ्य मिलना चाहिए। जैसा अमीरों को इलाज मिलता है। वैसे ही गरीबों को भी मिलना चाहिए। छत्तीसगढ़ वालों आप भी एक मौका ‘आप’ को देकर देखो। आप इन दोनों पार्टियों को भूल जाओगे।

अरविंद केजरीवाल ने कहा कि हम हिंदुस्तान से प्यार करते हैं। केजरीवाल ने बीजेपी को चैलेंज किया कि हिम्मत है तो इंडिया का नाम बदलकर दिखाए। पिछले साल तक डिजिटल इंडिया, स्टैंडअप इंडिया, मेक इन इंडिया, स्कील इंडिया जैसे प्रोग्राम चलाते थे। अपोजिशन वालों ने इंडिया नाम रख लिया तो अब कह रहे हैं कि इंडिया का नाम बदलेंगे। उन्होंने कहा कि पहले दिल्ली और पंजाब के लोग दुखी थे। दिल्ली के लोगों ने दोनों पार्टी को हटाकर नई पार्टी को मौका दिया। पंजाब के लोगों को दिल्ली की खुशहाली समझ आई तो उन्होंने पंजाब में भी ‘आप’ को मौका दिया। उन्होंने कहा कि हमारी देखादेखी आजकल भाजपा-कांग्रेस वाले भी गारंटी दे रहे हैं, लेकिन केजरीवाल की गारंटी ही असली गारंटी है बाकी सब फर्जी है।

गौरतलब है कि बस्तर संभााग के जगदलपुर स्थित लालबाग मैदान में आयोजित कार्यक्रम में आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव व राज्यसभा सांसद संदीप पाठक, प्रदेश प्रभारी संजीव झा, प्रदेश अध्यक्ष कोमल हुपेंडी, वरिष्ठ प्रदेश उपाध्यक्ष गोपाल साहू, प्रदेश उपाध्यक्ष इंजि. आनंद प्रकाश मिरी समेत छत्तीसगढ़ के अन्य सभी वरिष्ठ पदाधिकारी व कार्यकर्ता मौजूद रहे।