रायपुरः छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने बुधवार को केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह से मुलाकात की। इन दौरान उन्होंने नक्सलियों के खिलाफ सरकार द्वारा उठाए जा रहे कदमों के बारे में बताया साथ ही माओवादी प्रभावित इलाकों में किए जा रहे विकास कार्यों की जानकारी दी। गृहमंत्री अमित शाह के आवास पर सीएम साय की मुलाकात हुई।

मीटिंग के दौरान सीएम साय ने गृह मंत्री को राज्य में माओवादियों के सप्लाई और फंडिंग नेटवर्क के बारे में दी। इसके साथ इसके खिलाफ की जा रही प्रभावी कार्रवाई के बारे में भी अवगत कराया। उन्होंने बताया कि राज्य सरकार ने माओवादियों की गतिविधियों पर लगाम लगाने और उनके वित्तीय नेटवर्क को ध्वस्त करने के लिए सख्त कदम उठाए हैं।
नक्सल प्रभावित इलाकों में हो रहा विकास
सीएम ने बताया कि माओवादी प्रभावित क्षेत्रों में आधारभूत सुविधाओं का तेजी से विस्तार किया जा रहा है। राज्य सरकार ने इन क्षेत्रों में शिक्षा और स्वास्थ्य सेवाओं के लिए विशेष अभियान संचालित किए हैं। इस मुलाकात के दौरान गृह मंत्री शाह ने छत्तीसगढ़ सरकार के प्रयासों की सराहना की। साथ ही राज्य में शांति और स्थिरता बनाए रखने के लिए केंद्र सरकार के पूर्ण समर्थन का आश्वासन भी दिया।
विकास के लिए बनाई वर्किंग कमेटी
बैठक में मुख्यमंत्री ने छत्तीसगढ़ के दीर्घकालिक विकास के लिए बनाए गए ‘छत्तीसगढ़ विजन एट 2047’ के बारे में शाह को जानकारी दी। सीएम ने बताया कि विकसित छत्तीसगढ़ की दिशा में राज्य सरकार ने आठ अलग-अलग क्षेत्रों को चिन्हित किया है। इन क्षेत्रों में विकास को गति देने के लिए एक वर्किंग कमेटी का गठन किया गया है। यह नियमित रूप से आम लोगों और विशेषज्ञों से चर्चा कर एक प्रभावी कार्ययोजना तैयार कर रही है।

























