Tax aadha bachat jyada
Advertisement Carousel

छत्तीसगढ़ : सुरक्षाबलों-नक्सलियों के बीच खतरनाक मुठभेड़, महिला नक्सली, BSF जवान घायल

0
210

कांकेर: छत्तीसगढ़ के नक्सल प्रभावित कांकेर जिले में सुरक्षाबलों और नक्सलियों के बीच हुई मुठभेड़ में एक महिला नक्सली घायल हो गई है। इस दौरान सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) का एक जवान भी मामूली रूप से घायल हो गया। पुलिस अधिकारियों ने शनिवार को यह जानकारी दी।

Narendra Modi Tax aadha bachat jyada

अधिकारियों ने बताया कि जिले के प्रतापपुर थाना क्षेत्र के अंतर्गत उपांजुर गांव के करीब सुरक्षाबलों और नक्सलियों के बीच हुई मुठभेड़ में बीएसएफ के जवान विकास सिंह को चोटें लगी हैं। उन्होंने बताया कि इस दौरान एक महिला नक्सली भी घायल हुई है। उन्होंने बताया कि शुक्रवार को मेंडरा गांव स्थित बीएसएफ के शिविर से जिला बल और बीएसएफ की 178 वीं बटालियन के संयुक्त दल को मरकाचुवा गांव की ओर गश्त पर रवाना किया गया था।

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि दल जब प्रतापपुर थाने से लगभग 10 किलोमीटर दूर उपांजुर गांव के करीब था, तभी नक्सलियों ने सुरक्षाबलों पर गोलीबारी शुरू कर दी। उन्होंने बताया कि इसके बाद जवानों ने भी जवाबी कार्रवाई की। उन्होंने बताया कि दोनों ओर से गोलीबारी के बाद नक्सली वहां से फरार हो गए और बाद में घटनास्थल की तलाशी लिए जाने पर वहां एक महिला नक्सली घायल अवस्था में मिली।

अधिकारियों ने बताया कि सुरक्षाबलों ने घटनास्थल से एक हथियार भी बरामद किया है। घायल महिला नक्सली की पहचान फगनी के रूप में हुई है। महिला नक्सली का पति विनोद माओवादियों के मदनवाड़ा स्थानीय संगठन दस्ते (एलओएस) का कमांडर है। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि इस मुठभेड़ में बीएसएफ के जवान विकास सिंह को मामूली चोट आई है और उनकी स्थिति सामान्य एवं खतरे से बाहर है। घायल महिला नक्सली को अस्पताल में भर्ती कराया जा रहा है। उन्होंने बताया कि मुठभेड़ क्षेत्र के आसपास के इलाके में तलाश अभियान चलाया जा रहा है।