भारत जोड़ो यात्रा में शामिल होंगे छत्तीसगढ़ के कांग्रेसी, प्रदेश की मिट्‌टी साथ लेकर जाएंगे

0
195

रायपुर । प्रदेश कांग्रेस के प्रभारी संगठन महामंत्री अमरजीत चावला ने बताया, प्रदेश अध्यक्ष मोहन मरकाम के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ के 324 लोग पदयात्रा में शामिल होने मध्य प्रदेश जा रहे हैं। यह जत्था 26 और 27 नवम्बर को खंडवा जिले के मोरटक्का से इंदौर तक की पदयात्रा करेगा। पहले यह पदयात्रा खरगोन जिले के खेरदा गांव से शुरू होनी थी। यात्रा के लिए छत्तीसगढ़ को 26, 27 और 28 नवम्बर का समय मिला था। अब इंदौर पहुंचने के बाद 28 नवम्बर को यात्रा से एक दिन की छुट्‌टी घोषित की गई है। इसकी वजह से यात्रा में छत्तीसगढ़ का समय कम हुआ है।

कांग्रेस की भारत जोड़ो यात्रा के कार्यक्रम में मामूली बदलाव हुआ है। इसकी वजह से छत्तीसगढ़ के कांग्रेसियों को राहुल गांधी के साथ दो दिन ही चलने का मौका मिलेगा। इस यात्रा में शामिल होने के लिए पहले 250 लोगों का नाम था। अब इसकी संख्या बढ़कर 324 हो गई है। पदयात्रा में कांग्रेस के लोग प्रदेश की सात महत्वपूर्ण नदियों का पानी और विभिन्न ऐतिहासिक-सांस्कृतिक महत्व के स्थलों की मिट्‌टी लेकर भी जाएंगे।

पीसीसी प्रभारी महामंत्री अमरजीत चावला ने बताया, इस यात्रा में पौधराेपण के लिए पदयात्री अपने साथ प्रदेश की सात महत्वपूर्ण नदियों का पानी लेकर जाएंगे। इसमें अरपा, पैरी, सोंढुर, हसदेव, शिवनाथ, इंद्रावती और महानदी का जल होगा। इसके अलावा यहां की मिट्‌टी भी एक कलश में ले जाई जाएगी। यात्रा मार्ग पर कहीं इस मिट्‌टी और जल का उपयोग का राहुल गांधी भारत जोड़ो संकल्प के साथ पौधरोपण किया जाएगा। ऐसा पूरे यात्रा मार्ग पर जगह-जगह किया जा रहा है। इसके तहत जिन प्रदेशों से पदयात्रा नहीं गुजर रही है वहां की मिट्‌टी-पानी को यात्रा मार्ग में शामिल प्रदेश में पौधरोपण किया जा रहा है।