Tax aadha bachat jyada
Advertisement Carousel

बेमौसम बारिश से कोहराम, बिजली गिरने से 20 लोगों की मौत

0
125

गुजरात में बेमौसम बारिश से भारी नुकसान हुआ है। कई जिलों में हुई मूसलाधार बारिश और बिजली गिरने से अलग-अलग जिलों में 20 लोगों की मौत हो गई। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने खराब मौसम और बिजली गिरने से हुई मौतों पर शोक व्यक्त किया और कहा कि स्थानीय प्रशासन राहत कार्य में लगा हुआ है। जानकारी के मुताबिक दाहोद जिले में चार, भरूच में तीन, तापी में दो और अहमदाबाद, अमरेली, बनासकांठा, बोटाद, खेड़ा, मेहसाणा, पंचमहल, साबरकांठा, सूरत, सुरेंद्रनगर और देवभूमि द्वारका में एक-एक व्यक्ति की मौत हो गई।

Narendra Modi Tax aadha bachat jyada

अचानक बदला मौसम
गुजरात में मौसम का मिजाज अचानक बदल गया। आईएमडी के अहमदाबाद केंद्र की निदेशक मनोरमा मोहंती ने कहा कि सोमवार को बारिश कम हो जाएगी और दक्षिण गुजरात और सौराष्ट्र जिलों के कुछ हिस्सों में केंद्रित रहेगी। आईएमडी ने अपने बुलेटिन में कहा कि उत्तर पूर्वी अरब सागर और आसपास के सौराष्ट्र और कच्छ क्षेत्रों के ऊपर बने चक्रवाती परिसंचरण के कारण बारिश हो रही है।

केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने रविवार रात सोशल मीडिया प्लैटफॉर्म एक्स पर लिखा, ‘गुजरात के कई शहरों में खराब मौसम और बिजली गिरने की वजह से कई लोगों की मौत से दुखी हूं। इस त्रासदी में अपने प्रियजनों को खोने वाले लोगों के प्रति मैं अपनी गहरी संवेदना व्यक्त करता हूं। स्थानीय प्रशासन बचाव कार्य में जुटा हुआ है। मैं घायलों के जल्द स्वस्थ होने की कामना करता हूं।’ राहत की बात यह है कि मौसम विभाग ने सोमवार को बारिश की गतिविधि कम होने की उम्मीद जताई है।

एसईओसी आंकड़ों के अनुसार गुजरात के 252 तालुकाओं में से 234 में रविवार को बारिश हुई, सूरत, सुरेंद्रनगर, खेड़ा, तापी, भरूच और अमरेली जिलों में 16 घंटों में 50-117 मिमी बारिश दर्ज की गई, जिससे सामान्य जीवन अस्त-व्यस्त हो गया। इस बेमौसम बारिश के चलते फसलों को भारी नुकसान पहुंचा है। राजकोट के कुछ हिस्सों में ओलावृष्टि हुई। अधिकारियों ने कहा कि फसल को नुकसान पहुंचाने के अलावा, बारिश ने सौराष्ट्र क्षेत्र के मोरबी जिले के सिरेमिक उद्योग को भी प्रभावित किया।