रायपुर। छत्तीसगढ़ कांग्रेस विधायक दल की आज बैठक होगी। इसमें नए नेता प्रतिपक्ष डॉ. चरणदास महंत सहित कांग्रेस के सभी 35 विधायक शामिल होंगे। यहां सभी विधायकों और नेता प्रतिपक्ष का परिचय होगा। इसे कांग्रेस की डिनर पालिटिक्स से भी जोड़कर देखा जा रहा है। यहां विधायकों के परिचय के बाद विधानसभा सत्र, बजट सत्र आगामी रणनीति पर चर्चा की जाएगी।

लोकसभा चुनाव के मद्देनजर संगठन की रणनीति पर चर्चा होगी
कांग्रेस सूत्रों के अनुसार, यहां ये तय होगा कि प्रदेश में कांग्रेस की हार के बाद विधानसभा के शीतकालीन सत्र व बजट सत्र में किस तरह काम करना है। साथ ही लोकसभा चुनाव के मद्देनजर संगठन की रणनीति पर चर्चा होगी।
बैठक की शुरूआत शाम सात बजे से होगी। बैठक के बाद महंत के निवास पर रात्रिभोज का भी कार्यक्रम आयोजित किया गया है। विधानसभा चुनाव 2023 के परिणामों में कई दिग्गजों को हार का सामना करना पड़ा। वहीं, जिन 22 विधायकों की टिकट काटी गई थी। उनमें 11 सीटों पर भाजपा ने जीत दर्ज की।
विधानसभा सत्र में रणनीति पर केंद्रित होगी बैठक
सूत्रों के मुताबिक यह बैठक पूर्णत: विधानसभा सत्र में रणनीति पर केंद्रित होगी, जबकि प्रदेश कांग्रेस कमेटी की ओर से विधायकों की समीक्षा बैठक अलग से आयोजित की जाएगी।




























