Advertisement Carousel

बिलासपुर में पिकअप पलटने से 2 की मौत, बेटी को लेने ससुराल जा रहे थे

0
106

बिलासपुर। बेटी को ससुराल से लाने के लिए जा रहे 40 लोगों से भरी पिकअप ग्राम सोनपुरी में अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे में एक महिला और एक बुजुर्ग समेत 2 लोगों की मौत हो गई। वहीं 38 लोग घायल हैं, जिनमें से 15 लोगों की हालत गंभीर है। मामला कोटा थाना क्षेत्र अंतर्गत बेलगहना चौकी इलाके का है।

जानकारी के मुताबिक, बेलगहना क्षेत्र के ग्राम सोनपुरी में रहने वाले रामायण भानू की बेटी की शादी 2 दिन पहले मटियाडांड में रहने वाले युवक से हुई है। शनिवार को परिवार के लोग बेटी को लेने के लिए पिकअप में सवार होकर बेटी के ससुराल मटियाडांड जा रहे थे। पिकअप में परिवार की महिलाओं समेत 40 लोग सवार थे।

पिकअप के ड्राइवर ने गांव से निकलते ही गाड़ी की रफ्तार बढ़ा दी। गांव से निकलकर तालाब के पास तेज रफ्तार पिकअप अनियंत्रित हो गई। पिकअप सड़क से उतरकर पलट गई। इससे पिकअप सवार कुछ लोग गाड़ी के नीचे दब गए। वहीं, ज्यादातर लोग दूर जाकर गिरे। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। शोर सुनकर बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए और पुलिस को सूचना देने के साथ ही रेस्क्यू का काम शुरू किया।