छत्तीसगढ़ में कुएं से निकलने लगा पेट्रोल, लोग बाल्टिया भर-भरकर अपने घर ले गए

0
75
News Image RO NO. 13286/ 136
Advertisement Carousel

छत्तीसगढ़ के दंतेवाड़ा जिले के गीदम में बुधवार को एक घर के कुएं से अचानक पेट्रोल निकलने लगा, जब शहर के लोगों को इसकी जानकारी मिली, तो घर में लोगों की भीड़ उमड़ पड़ी। लोग बाल्टियों से पेट्रोल निकालने लगे। ये नगर पंचायत गीदम के वार्ड नंबर 12 में मुकेश और नितेश जैन के घर पर हुआ। जब लोगों को इस बात की जानकारी मिली तो आसपास के लोग मौके पर जा पहुंचे। सभी हैरान हुए कि आखिर ये हुआ तो हुआ कैसे। कुआं से पेट्रोल निकलता देख लोगों ने पुलिस को बुलाया। सूचना के बाद पुलिस मौके पर पहुंची। दरअसल जिले के गीदम क्षेत्र में एचपी पेट्रोल पंप की टंकी से पेट्रोल लीक होने की वजह से कुएं से पेट्रोल निकला। इसका पता इन दोनों घरों के कुएं से पानी की जगह पेट्रोल रिसने की बात से चला।

सूचना के बाद गीदम तहसीलदार और पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पेट्रोल लीक होने के कारण तहसीलदार ने पेट्रोल पंप को बंद करवा दिया है। जानकारी के मुताबिक, पेट्रोल पंप इन घरों से करीब 100 मीटर की दूरी पर स्थित है। इससे पहले पुलिस में पेट्रोल पंप से 3000 लीटर पेट्रोल की कमी की शिकायत भी दर्ज की जा चुकी थी। अब, शासकीय अमला इस मामले की गहन छानबीन में जुटा हुआ है। यह मामला गीदम थाना क्षेत्र का है। पुलिस प्रशासन इसकी जांच कर रहा है ताकि यह स्पष्ट हो सके कि पेट्रोल लीक कैसे हुआ और इसके पीछे की वजह क्या है।