रायपुर: छत्तीसगढ़ कांग्रेस ने अपने संगठन में बड़ा बदलाव किया है। शनिवार को कांग्रेस ने 11 जिलों में नए अध्यक्षों की नियुक्ति की है। जिला अध्यक्षों की नियुक्ति का लेटर दिल्ली से जारी किया गया है। हाल ही छत्तीसगढ़ कांग्रेस के प्रभारी सचिन पायलट राज्य के दौरे में आए थे। इस दौरान उन्होंने संकेत दिया था कि खाली पदों को भरा जाएगा। वहीं, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज भी कई बार दिल्ली को दौरा कर चुके थे। जिसके बाद से अटकलें लगाई जा रही थीं कि कांग्रेस अपने संगठन में बदलाव कर सकती है।
विधानसभा, लोकसभा चुनाव और फिर नगरीय निकाय चुनाव में लगातार हार के बाद से ही संगठन पर सवाल उठ रहे थे। इसी बीच शनिवार को 11 जिलों के अध्यक्षों को बदलने का लेटर जारी कर दिया गया है।
किसे जिले का अध्यक्ष बनाया गया
बालोद जिले की जिम्मेदारी चंद्रेश हिरवानी, दुर्ग ग्रामीण की जिम्मेदारी राकेश ठाकुर, नारायणपुर की जिम्मेदारी बिसेल नाग, कोंडागांव की जिम्मेदारी बुद्धराम नेताम, कोरबा शहर का अध्यक्ष नाथूलाल यादव, कोरबा ग्रामीण का अध्यक्ष मनोज चौहान, बलोदाबाजार जिले की जिम्मेदारी सुमित्रा, सांरगगढ़-बिलाईगढ़ ताराचंद देवांगन, सरगुजा में बलिकृष्ण पाठक, बलरामपुर जिले की जिम्मेदारी कृष्ण प्रताप सिंह और बेमेतरा जिले का अध्यक्ष आशीष छाबरा को बनाया गया है।
प्रदेश अध्यक्ष बदलने की भी अटकलें
छत्तीसगढ़ में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष बदलने की भी अटकलें लगाई जा रही हैं। भूपेश बघेल के राष्ट्रीय महासचिव बनने के बाद से यह दावा किया जा रहा है कि दीपक बैज की जगह सीनियर नेता टीएस सिंहदेव को प्रदेश कांग्रेस का अध्यक्ष नियुक्त किया जा सकता है।
बैठक में नहीं पहुंचे थे सिंहदेव
हालांकि छत्तीसगढ़ कांग्रेस के प्रभारी सचिन पायलट ने हाल ही में रायपुर में एक अहम बैठक की थी। इस बैठक में टीएस सिंहदेव शामिल नहीं हुए थे। सचिन पयलट ने भी कहा था कि जो नेता सक्रिय नहीं हैं उनके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।