सूर्यकांत, सौम्या और रानू आज रात होने वाले थे रिहा,कुछ दिक्कतों की वज़ह से अब कल होंगे रिहा

0
77

दो साल जेल में रहने के बाद अब रिहाई 

हस्ताक्षर न्यूज. कोल लेवी स्कैम और डीएमएफ स्कैम में तकरीबन दो साल से जेल में बंद निलंबित आईएएस समीर विश्नोई और रानू साहू, राज्य सेवा अफसर सौम्या चौरसिया और कारोबारी सूर्यकांत तिवारी शुक्रवार को रात 8 बजे जेल से रिहा होने वाले थे। इन्हें सुप्रीम कोर्ट ने अंतरिम जमानत दे दी है, जिस वजह से रिहाई का रास्ता साफ हो गया है। शुक्रवार रात मीडिया के लोग बड़ी संख्या में जेल के बाहर तैनात थे, ताकि रिहाई के बाद की स्थिति की रिपोर्टिंग कर सकें। लेकिन रिहाई की फैली हुई औपचारिक प्रक्रिया करते-करते बचाव पक्ष को थोड़ी देर हो गई। नतीजतन रिहाई का आदेश देर से जारी हुआ। इसका नतीजा यह हुआ है कि चारों शुक्रवार की रात रिहा नहीं होंगे। जेल के कायदे-कानूनों के अनुसार अब चारों शनिवार को सुबह रिहा हो जाएंगे। बचाव पक्ष के सीनियर एडवोकेट फैसल रिजवी ने द स्तम्भ से बातचीत में इसकी पुष्टि कर दी है।

विश्नोई, रानू, सौम्या और सूर्यकांत की गिरफ्तारी छत्तीसगढ़ में जितनी बड़ी खबर बनी थी, रिहाई भी प्रदेश के लिए उतनी ही बड़ी खबर है। सुप्रीम कोर्ट ने निर्देश दिया है कि चारों रिहाई के बाद छत्तीसगढ़ में नहीं रहेंगे, क्योंकि इससे केस के गवाहों को प्रभावित करने का अंदेशा हो सकता है। दो स्कैम में चारों को केवल ईडी ने नहीं, बल्कि राज्य की एजेंसी ईओडब्लू ने भी गिरफ्तार किया था। इस तरह, इनकी कई स्तर पर जमानत हुई है। बुधवार को सुप्रीम कोर्ट ने इन्हें अंतरिम जमानत पर रिहा करने का आदेश दिया था और कुछ शर्तें लगाई हैं। बचाव पक्ष ने सभी शर्तें मान ली हैं। सुप्रीम कोर्ट के आदेश को शुक्रवार को बचाव पक्ष ने विशेष अदालत में पेश किया था। दो एजेंसियों के केस में गिरफ्तार होने की वजह से दस्तावेजी औपचारिकताएं पूरी करने में समय लग गया। स्थानीय अदालत ने सुप्रीम कोर्ट के आदेश के आधार पर चारों की रिहाई के आदेश जारी कर दिए। प्रक्रिया ये है कि रिहाई के आदेश जेल में पहुंचने के बाद वहां भी बंदियों की रिहाई की एक प्रक्रिया है, जिसमें डेढ़-दो घंटे लगते हैं। सूत्रों के मुताबिक सेंट्रल जेल में जब तक रिहाई आदेश पहुंचता, बाकी बंदियों की रिहाई की प्रक्रिया लगभग पूरी हो चुकी थी। इनके लिए अलग से प्रक्रिया नहीं की जा सकती, इसलिए चारों की रिहाई शुक्रवार को रात आठ बजे रेगुलर टाइम पर नहीं हो सकी। जानकारों के मुताबिक अब चारों शनिवार को दोपहर रिहा होंगे।