कोरबा। छत्तीसगढ़ के कोरबा में प्रेमिका से धोखा मिलने पर एक युवक ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। युवक के सुसाइड करने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। वहीं परिजनों ने लड़की और उसके परिवार पर आत्महत्या के लिए उकसाने का आरोप लगाया है। घटनास्थल से एक सुसाइड नोट भी मिला है। सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस मामले की जांच कर रही है।
दोस्तों के साथ लाया रस्सी, फिर लगा ली फांसी
जानकारी के मुताबिक, मृतक शिवम जायसवाल MP के अनुपपुर जिले के मौहारी गांव का रहने वाला था। वो 27 साल का था और छत्तीसगढ़ में मामा के घर रहता था। बताया जा रहा है कि, उसने दोस्तों के साथ 5 सितंबर को रस्सी खरीदी। जिसके बाद घर आकर फंदा बनाया और उसका फोटो दोस्तों को भी भेजा। फोटो देखकर उसका एक दोस्त घर आया और समझाइश देकर उसके साथ ही सो गया। इसी दौरान शिवम ने रात में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। यह देख उसके साथ रुका दोस्त वहां से भाग गया। पुलिस के मुताबिक, इसमें दोस्तों की भूमिका भी संदिग्ध है।
डेढ़ साल से रिलेशनशिप में था
मृतक के परिजनों ने बताया कि, शिवम परसदा गांव में अपने मामा की हार्डवेयर की दुकान चलाता था। वह गांव की ही जायसवाल जाति की एक लड़की के साथ उसका करीब डेढ़ साल से प्रेम-प्रसंग चल रहा था। धीरे-धीरे दोनों के बीच नजदीकियां बढ़ीं और वे एक-दूसरे से मिलने-जुलने लगे। दोनों के परिवार को इसकी जानकारी भी थी। यहां तक की शिवम ने अपने परिजनों से शादी करने की बात भी कही थी। लेकिन परिवार ने घर में बड़े भाई-बहन होने का हवाला देते हुए बाद में शादी करने की बात कही।
दोनों ने कर ली थी शादी
शिवम के परिजनों का आरोप है कि, वो कुछ समय से अपनी प्रेमिका को लेकर परेशान था। प्रेमिका के परिजन शिवम को दूर रहने की धमकी देते थे, जिससे वह परेशान था। जिसके बाद लड़की ने भी उसे प्यार में धोखा दिया और उससे बात करना बंद कर दिया। वो किसी और से बात करने लगी, लेकिन दोनों ने कहीं शादी कर ली थी। परिजनों को मांग में सिंदूर भरी एक तस्वीर भी मिली है।
यह आत्महत्या नहीं हत्या है : परिजन
शिवम के परिवार का यह भी आरोप है कि लड़की और उसके परिवार ने शिवम को आत्महत्या के लिए उकसाया। यह आत्महत्या नहीं बल्कि हत्या है। उन्होंने उसे मानसिक रूप से प्रताड़ित किया और ऐसा करने के लिए मजबूर किया, इसलिए उसने फांसी लगा ली।
परिवार का कहना है कि, पुलिस को उसके फोन की भी जांच करनी चाहिए। परिवार ने कहा कि हम जल्द ही उनके खिलाफ एफआईआर दर्ज कराएंगे। हम मांग करेंगे कि उन्हें गिरफ्तार किया जाए और कार्रवाई की जाए।
सुसाइड नोट में क्या लिखा
पुलिस को घटनास्थल से एक सुसाइड नोट भी मिला है। जिसमें शिवम ने खुद की मर्जी से खुदकुशी करने की बात लिखी है। हालांकि, परिजनों ने आशंका जताई है कि उसने किसी के दबाव में आकर यह नोट लिखा है।