छत्तीसगढ़ के गौरेला पेंड्रा मरवाही में एक पत्नी ने अपने ही पति को मार डाला। पति पर कुल्हाड़ी से हमला कर उसकी हत्या कर दी। फिर खुद पुलिस थाने पहुंचकर पुलिसकर्मियों के सामने हत्या की बात कबूल की। महिला ने पुलिस को बताया कि उसका पति आये दिन चरित्र शंका को लेकर विवाद करता था। घटना वाले दिन भी इसी बात को लेकर विवाद हुआ, जिसके बाद महिला ने कुल्हाड़ी से वार कर पति की हत्या कर दी।
ये पूरा मामला मरवाही थाना क्षेत्र का है। घोरेलाल पूरी अपनी पत्नी और बच्चों के साथ रहता था। घोरे लाल पूरी पत्नी वेदकुंवर पूरी के चरित्र पर शंका करता था। आये दिन दोनों में इसी बात को लेकर झगड़ा होते रहता था। घटना वाले दिन पति-पत्नी पड़ोस में रहने वाले घनी राम के घर छठी कार्यक्रम में गये थे। दोनों के घर लौटने के बाद फिर बहस शुरू हो गई।
इस बात से दुखी महिला ने सो रहे पति पर कुल्हाड़ी से वार कर हत्या कर दी। पति को मारकर घटना की जानकारी अपने बेटे को दी। बेटा घर पहुंचा और अपनी मां को लेकर थाने पहुंचा। महिला ने थाने में अपना जुर्म कबूल कर लिया है।
मरवाही पुलिस ने मृतक के शव को पोस्टमार्टम में भेजकर जांच में जुट गई है। पुलिस ने घटना के संबंध में मीडिया को बताया कि महिला ने हत्या करने की बात कबूल कर ली है। मामले में हत्या का अपराध दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।