पंचतत्व में हुए विलीन हुए मनोज कुमार, दर्शन करने पहुंचे कई बॉलीवुड सितारे

0
85
News Image RO NO. 13286/ 136
Advertisement Carousel

मुंबई: बॉलीवुड के दिग्‍गज एक्टर मनोज कुमार का 87 साल की उम्र में 4 अप्रैल को निधन हो गया, जिसके बाद आज शनिवार को उनका अंतिम संस्कार किया गया। प्रोटोकॉल के मुताबिक, उनके पार्थिव शरीर को सम्मानपूर्वक भारतीय राष्ट्रीय ध्वज में लपेटा गया। सिनेमाई पर्दे पर ‘भारत कमार’ के नाम से मशहूर एक्‍टर ने शुक्रवार सुबह मुंबई के कोकिलाबेन अस्पताल में आख‍िरी सांसें लीं। मनोज कुमार के बेटे कुणाल गोस्वामी ने बताया कि उनके पिता लंबे समय से स्वास्थ्य संबंधी परेशानियों से जूझ रहे थे। आखिरी वक्‍त में उन्‍हें ज्यादा परेशानी नहीं हुई और उन्‍होंने शांतिपूर्वक दुनिया को अलविदा कह दिया। मनोज कुमार का अंतिम संस्कार आज श‍न‍िवार, 5 अप्रैल को हो रहा है। मनोज कुमार लंबे समय से डीकंपेंसेटेड लिवर सिरोसिस से जूझ रहे थे। हालत बिगड़ने के बाद उन्हें 21 फरवरी, 2025 को अस्पताल में भर्ती किया गया था। ‘उपकार’, ‘पूरब-पश्चिम’, ‘क्रांति’ और ‘रोटी-कपड़ा’ जैसी सुपरहिट फिल्‍मों के लिए मशहूर एक्‍टर के निधन पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी शोक जताया है। मनोज कुमार को फिल्‍मी करियर में 7 बार फिल्मफेयर पुरस्कार मिले। 1992 में उन्हें पद्मश्री से सम्मानित किया गया। जबकि 2016 में उन्हें दादा साहेब फाल्के अवॉर्ड से नवाजा गया।

राज बब्बर ने की भारत रत्न देने की मांग

अभिनेता और राजनेता राज बब्बर ने अभिनेता मनोज ‘भारत’ कुमार के अंतिम संस्कार में शामिल होने के बाद कहा, भारतीय फिल्म इंडस्ट्री ने एक रत्न खो दिया है, जिन्होंने हमेशा भारत की गरिमा, स्वतंत्रता सेनानियों और देशभक्तों को अपनी फिल्मों के माध्यम से श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने भारत की महिमा को देश और विदेश में लोगों के सामने पेश किया। वह एक लेखक, अभिनेता, निर्देशक और एक नेक इंसान थे। उन्होंने हमेशा अपने प्यार से लोगों के दिलों में जगह बनाई। मुझे याद है जब मैं ‘शहीद उधम सिंह’ फिल्म की शूटिंग शुरू करने जा रहा था तो मैं उनके आशीर्वाद के लिए उनके पास गया, उन्होंने मुझे आशीर्वाद दिया और मैंने उनसे कहा कि वह मुझे प्रेरित करते हैं। भगत सिंह को उनके चेहरे से पहचाना जाएगा। वह एक प्रेरणादायक व्यक्ति थे। उन्होंने फिल्म की टीम से मुलाकात की, बदलाव के सुझाव दिए, जिन्हें हमने फिल्म में शामिल किया। मैं उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित करता हूं। उन्हें भारत रत्न पुरस्कार मिलना चाहिए।

सुभाष घई ने मनोज कुमार को बताया लीजेंड

अभिनेता मनोज ‘भारत’ कुमार के अंतिम संस्कार में शामिल होने के बाद फिल्म निर्माता- निर्देशक सुभाष घई ने कहा, “वह एक लीजेंड थे। वह हम सभी के लिए प्रेरणा स्रोत थे। उन्होंने अपनी फिल्मों के माध्यम से देशभक्ति की भावना दिखाई और लोगों को यह समझाया कि भारत क्या है और भारत को कैसा होना चाहिए।

सलीम खान से गले मिले अमिताभ
मनोज कुमार के अंतिम संस्कार के बाद अमिताभ बच्चन की मुलाकात अचानक सलीम खान से हो गई। बातचीत के बाद दोनों एक-दूसरे को गले लगते नजर आए।