छत्तीसगढ़ में अगले तीन दिन बारिश के आसार, फिर गिरेगा तापमान

0
49
News Image RO NO. 13286/ 136
Advertisement Carousel

रायपुर: छत्तीसगढ़ में मौसम के उतार-चढ़ाव का दौर जारी है। मौसम विभाग के अनुसार, आज (गुरुवार) से 22 फरवरी तक बस्तर, बिलासपुर और सरगुजा संभाग के जिलों में हल्की बारिश हो सकती है। इसके बाद अगले तीन दिनों में अधिकतम और न्यूनतम तापमान में 1 से 3 डिग्री तक की गिरावट होने की संभावना है।

पिछले 24 घंटों के दौरान प्रदेश में तापमान में कोई खास बदलाव नहीं देखा गया। बुधवार को बालोद सबसे गर्म जिला रहा, जहां अधिकतम तापमान 35.4 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। वहीं, अंबिकापुर सबसे ठंडा रहा, जहां न्यूनतम तापमान 12.9 डिग्री दर्ज किया गया।

बुधवार को रायपुर में अधिकतम तापमान 34.6 डिग्री दर्ज किया गया, जो सामान्य से 3.4 डिग्री अधिक था। न्यूनतम तापमान 20.9 डिग्री रहा, जो सामान्य से 4.2 डिग्री ज्यादा था। आज रायपुर में मौसम साफ रहेगा, और अधिकतम तापमान 35 डिग्री व न्यूनतम तापमान 20 डिग्री के आसपास रहने की संभावना है।

बिलासपुर में भी तापमान में वृद्धि देखी गई। बुधवार को अधिकतम तापमान 33.7 डिग्री दर्ज किया गया, जो सामान्य से 2.6 डिग्री अधिक था। वहीं, न्यूनतम तापमान 19 डिग्री रहा, जो सामान्य से 2.3 डिग्री ज्यादा था।

सरगुजा संभाग में तापमान स्थिर बना हुआ है। बुधवार को अधिकतम तापमान 31.1 डिग्री दर्ज किया गया, जो सामान्य से 3.8 डिग्री अधिक था। न्यूनतम तापमान 12.9 डिग्री रिकॉर्ड किया गया।

मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, आने वाले दिनों में हल्की बारिश के बाद तापमान में हल्की गिरावट आ सकती है। हालांकि, दिन में धूप चुभने वाली रहेगी, जिससे गर्मी का अहसास बढ़ सकता है।