छत्तीसगढ़ के सुकमा जिले में आज (24 सितंबर) की सुबह से पुलिस और नक्सलियों के बीच गोलीबारी चल रही है। बताया जा रहा है कि DRG, CRPF और कोबरा के जवान कर्कनगुड़ा में नक्सलियों के कोर इलाके में घुसे हैं।
सुबह से ही दोनों तरफ से गोलीबारी हो रही है। मामला चिंतलनार थाना क्षेत्र का है।
सुकमा SP किरण चव्हाण ने बताया कि नक्सली कमांडर हिड़मा और देवा की बटालियन नंबर-1 के साथ मुठभेड़ हो रही है। सुबह से ही दोनों ओर से फायरिंग हो रही है। सारे जवान सुरक्षित हैं।
जवान जब लौटेंगे तो ज्यादा जानकारी मिल पाएगी।
कल मुठभेड़ में 3 नक्सली मारे गए थे
23 सितंबर की शाम नारायणपुर और महाराष्ट्र बॉर्डर पर पुलिस और नक्सलियों की मुठभेड़ हुई थी। मुठभेड़ में 3 नक्सली मारे गए थे। मौके से जवानों ने AK-47 सहित अन्य हथियार बरामद किए हैं।
शाम करीब 4 बजे सर्चिंग के दौरान मुठभेड़
जानकारी के मुताबिक, जवान अबूझमाड़ क्षेत्र में नक्सलियों के मौजूद होने की सूचना पर सर्चिंग पर निकले थे। शाम करीब 4 बजे सर्चिंग के दौरान घात लगाए नक्सलियों ने फायरिंग कर दी। इस पर जवानों ने भी जवाबी कार्रवाई की है। फिलहाल इलाके में सर्च ऑपरेशन जारी है।
बताया जा रहा है कि मारे गए नक्सलियों में 2 पुरुष और 1 महिला शामिल हैं। मुठभेड़ में पुलिस के सभी जवान सुरक्षित हैं। ज्यादा जानकारी जवानों के लौटने के बाद ही मिल सकेगी।
14 सितंबर को भी मारा गया था एक नक्सली
इससे पहले 14 सितंबर को सुकमा में जवानों ने मुठभेड़ में एक नक्सली को मार गिराया। शव के पास से ही भारी मात्रा में हथियार, विस्फोटक और अन्य सामग्री बरामद हुई थी। पुलिस को सूचना मिली थी कि, चिंतागुफा क्षेत्र में तुमालपाड़ की पहाड़ी पर नक्सली मौजूद हैं। इसके बाद जिला बल, DRG और बस्तर फाइटर्स के जवानों को सर्च ऑपरेशन पर भेजा गया था
5 सितंबर को छत्तीसगढ़-तेलंगाना बॉर्डर पर 6 नक्सली हुए थे ढेर
छत्तीसगढ़-तेलंगाना बॉर्डर पर 6 नक्सलियों को सुरक्षाबलों ने ढेर कर दिया है। इनमें दो महिलाएं भी शामिल है। जवानों ने हथियार और शव बरामद कर लिए हैं। दो जवानों को भी गोली लगी थी। तेलंगाना की ग्रेहाउंड पुलिस को सूचना मिली थी कोत्तागुडेम जिले के गुंडाला-करकागुडेम इलाके में भारी संख्या में नक्सली मौजूद हैं। इसी आधार पर फोर्स को एक दिन पहले ही सर्च ऑपरेशन के लिए भेजा गया था।