राहुल गांधी को खिलौना बता दिया इस भाजपा नेता ने, रायपुर आकर बोले आरक्षण खत्म करने में लगे कांग्रेसी

0
70

भाजपा नेता और पूर्व केंद्रीय मंत्री कौशल किशारे ने राहुल गांधी को देश विरोधी ताकतों का खिलौना बताया है। उन्होंने कहा कि, कांग्रेस इस देश से आरक्षण को खत्म करना चाहती है। राहुल गांधी ने 257 बार विदेश यात्रा की, इसका खर्च कौन उठाता है। कांग्रेस को सार्वजनिक करना होगा। राहुल गांधी दोमुंहे हैं। संविधान हाथ में लेकर घूमते है और आरक्षण खत्म करने की बात करते हैं।

दरअसल, रायपुर के बीजेपी कार्यालय पहुंचे कौशल किशारे ने कहा कि, आरक्षण हटाने की बात यह वही धुन है, जो राहुल गांधी का परिवार नेहरू के जमाने से गाता आ रहा है। कांग्रेस ने 57 साल तक देश पर शासन किया, लेकिन उसने अपने राजनीतिक उद्देश्यों को साधने के लिए संवैधानिक प्रक्रियाओं का जमकर दुरुपयोग किया।

पूर्व प्रधानमंत्री जवाहरलाल नेहरू की सरकार ने साल 1956 में पिछड़े वर्गों को आरक्षण देने की काका कालेलकर रिपोर्ट को खारिज कर दिया था।

रायपुर के प्रदेश कार्यालय में प्रदर्शनी भी देखी कौशल ने।
रायपुर के प्रदेश कार्यालय में प्रदर्शनी भी देखी कौशल ने।

नेहरू आरक्षण के खिलाफ थे

पूर्व केंद्रीय मंत्री ने दावा किया कि, नेहरू ने ही साल 1961 में मुख्यमंत्रियों को पत्र लिखकर कहा कि आरक्षण से अक्षमता और दोयम दर्जे का मानक पैदा होता है। इस तरह नेहरू ने डॉ. अम्बेडकर के सामाजिक और राजनैतिक जीवन को समाप्त करने का षड्यंत्र किया। 1952 में लोकसभा चुनाव और 1954 में लोकसभा उपचुनाव में डॉ अम्बेडकर को हराने का पाप किया।

पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी के शासनकाल में साल 1975 में इंदिरा गांधी ने आपातकाल लगाकर संविधान की आत्मा को कुचला था। इंदिरा गांधी ने मंडल आयोग की रिपोर्ट को ठंडे बस्ते में डालकर ओबीसी आरक्षण में देरी की।

किशोर के मुताबिक, इसके बाद पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी ने 3 मार्च 1985 को एससी आरक्षण पर टिप्पणी करते हुए यह कहा था कि, आरक्षण के माध्यम से हमें ‘बुद्धुओं’ को बढ़ावा नहीं देना चाहिए। राजीव गांधी ने मंडल आयोग की रिपोर्ट का विरोध किया। 1990 में लोकसभा में आरक्षण का पुरजोर विरोध किया और मुसलमानों को आरक्षण देने की वकालत की, जो बाबासाहेब के मूल संविधान के खिलाफ था।

प्रदेश भाजपा अध्यक्ष से भी की मुलाकात।
प्रदेश भाजपा अध्यक्ष से भी की मुलाकात।

दलित नेताओं के साथ पैनल

भाजपा ने पूर्व मंत्री कौशल किशोर के साथ अपने दलित नेताओं का पैनल बैठाया था। इसमें प्रदेश के खाद्य मंत्री दयाल दास बघेल, भाजपा अनुसूचित जाति मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष नवीन मार्कण्डेय, पूर्व सांसद कमला देवी पाटले, अनुसूचित जाति मोर्चा के रायपुर अध्यक्ष बसंत बाघ और भाजपा प्रदेश मीडिया प्रभारी अमित चिमनानी मौजूद रहे।

भाजपा फैला रही झूठ- कांग्रेस

रायपुर में राहुल गांधी की अमेरिका यात्रा के दौरान दिए गए बयानों की वजह से सिख समुदाय के भाजपा नेता अमरजीत छाबड़ा ने राहुल गांधी पर FIR भी दर्ज कराई है। प्रदेश कांग्रेस के वरिष्ठ प्रवक्ता धनंजय सिंह ठाकुर ने कहा कि, लोकसभा नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के खिलाफ भाजपा के दबाव के में दर्ज झूठे एफआईआर कानून का माखौल उड़ाना है।

भाजपा के दबाव में पुलिस गैर कानूनी काम कर रही है। सुप्रीम कोर्ट के गाइडलाइन की अवहेलना है। लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी सदन से लेकर सड़क तक आम जनता की आवाज को उठा रहे हैं। मोदी सरकार की गलत नीतियों का विरोध कर रहे हैं। राहुल गांधी के दबाव के चलते मोदी सरकार को 100 दिन में कई मामलों में यू-टर्न लेना पड़ा है।

भाजपा नेता राहुल गांधी की हत्या करने की धमकी दे रहे

पूरे देश में राहुल गांधी की लोकप्रियता बढ़ी है। नरेंद्र मोदी का ग्राफ गिरा है। मोदी सरकार की मनमानी पर रोक लगी है। इससे घबराए भाजपा के नेता राहुल गांधी की हत्या करने की धमकी दे रहे हैं। उनके जीभ काटने के लिए सुपारी दे रहे हैं। शहीद परिवार के बेटा राहुल गांधी को आतंकी बताने की कोशिश कर रहे हैं, भाजपा पूरी तरह से घबराई हुई है।

अब भाजपा अपनी राज्य सरकारों का दुरूपयोग कर गलत मुकदमे दर्ज करवा रही है। 2014 के बाद भाजपा शासित राज्यों में षडयंत्र पूर्वक कांग्रेस नेताओं के खिलाफ फर्जी मुकदमे दर्ज कराए जा रहे हैं। मोदी सरकार केंद्रीय जांच एजेंसियों का दुरुपयोग करके कांग्रेस नेताओं पर फर्जी मामले दर्ज करवा रही है।

कांग्रेस के नेता और कार्यकर्ता डरने वाले नहीं है। पुलिस के अधिकारी माननीय न्यायालय के निर्देशों का पालन करें। राजनीतिक दल के दबाव में काम न करें, सरकार आती और जाती है।